महादेव सट्टा एप केस: CBI की 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में खुलासा

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर जांच एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के लाइव पैनल पकड़े गए, जिन्हें बंद करा दिया गया।

CBI अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए किराए के बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं।

रिमांड में सौरभ ने खोले नेटवर्क के राज

ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी ने डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर भारत में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क की जानकारी जुटाई।

12 नवंबर को रिमांड पूरी होने पर उसे विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विदेश से चल रहा था सट्टेबाजी का सिंडिकेट

जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का संचालन विदेश से किया जा रहा था। भारत में मौजूद पैनल संचालक ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने और सट्टे की रकम जुटाने का काम करते थे। इसके बाद हवाला के जरिए पैसा विदेश भेजा जाता था।

CBI अब फरार आरोपितों, नेटवर्क को संरक्षण देने वालों और कथित रूप से शामिल लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसी ने लोगों को चेतावनी दी है कि सट्टेबाजी के लिए बैंक खाता, सिम या पहचान पत्र किराए पर देना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

Share this Article