अखिलेश जी, आपका PDA तो ‘पीट देगा अहीर’ बन गया: ओम प्रकाश राजभर का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। इटावा और बाराबंकी में दलितों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए राजभर ने अखिलेश के PDA पर तंज कसते हुए इसे ‘पीट देगा अहीर’ बताया।

राजभर ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की अफवाह भर से उनके लोग इस तरह व्यवहार कर रहे हैं, जैसे प्रदेश में उनकी सरकार आ गई हो।

इटावा में मारपीट और कब्जे की कोशिश का आरोप

राजभर ने इटावा के बिट्टू यादव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चंद्रमोहन दिवाकर की संपत्ति पर कब्जे की कोशिश की गई। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। राजभर ने कहा कि अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर कुछ लोगों को लगने लगा है कि प्रदेश में फिर गुंडई का दौर लौटने वाला है।

बाराबंकी में दलित युवक की हत्या का मामला उठाया

राजभर ने बाराबंकी में दिलीप की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर भी सपा नेतृत्व पर सवाल उठाए। इस मामले में प्रमोद यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दलितों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं चिंताजनक हैं।

अखिलेश को अपने लोगों पर कार्रवाई की सलाह

राजभर ने अखिलेश यादव से अपने समर्थकों को अनुशासन में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में सक्षम है। साथ ही आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने की अफवाह से यादव समाज के कुछ लोग भी मुश्किल में पड़ रहे हैं।

राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बहस तेज होने की संभावना है।

Share this Article