राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफार्म नंबर-दो पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में विस्फोटक होने की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल अलर्ट हो गए। एहतियातन ट्रेन को करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर रोका गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। ट्रेन के विभिन्न कोच और स्टेशन परिसर की जांच शुरू की गई। इस दौरान डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध वस्तुओं की तलाश करते हुए पूरे इलाके की जांच की। घटना के दौरान स्टेशन पर यात्रियों के बीच चिंता और दहशत का माहौल रहा।
एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि ट्रेन में बम होने की सूचना किस आधार पर दी गई और इसके पीछे क्या वजह थी।
फिलहाल ट्रेन में बम होने की सूचना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
