रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। खरीदी 15 जनवरी तक चलेगी। राज्य सरकार ने इस बार 160 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के 3100 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे किसान धान बेचने के बाद 20 हजार रुपये तक नकद निकाल सकेंगे।
इस वर्ष 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जाएगा। पिछले वर्ष माइक्रो एटीएम से नकद निकासी की सीमा 10 हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 20 हजार रुपये कर दिया गया है।
धान उठाव और परिवहन पर रहेगी निगरानी
धान खरीदी के दौरान परिवहन और उठाव की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उपार्जन केंद्रों में धान जाम होने और खरीदी-बिक्री में गड़बड़ी रोकने के लिए 16 जनवरी से उठाव की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, खरीदी के दौरान ही परिवहन आदेश जारी किए जाएंगे।
मिलरों को पहले उठाना होगा धान
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मिलरों को सबसे पहले उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव करना होगा। इसके बाद संग्रहण केंद्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान ले जाने की अनुमति मिलेगी। सरकार का उद्देश्य खरीदी से लेकर मिलिंग तक पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।
