इंदौर में टीवी की आवाज को लेकर विवाद, धक्का लगने से लकवाग्रस्त व्यक्ति की मौत

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

पड़ोसी ने धक्का दिया तो दीवार से टकराया सिर, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम; आरोपी ई-रिक्शा चालक फरार

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में टीवी की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद में 47 वर्षीय लकवाग्रस्त व्यक्ति की मौत हो गई। आरोप है कि पड़ोसी ने विवाद के दौरान उसे धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़ा और उसका सिर दीवार से टकरा गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है।

बेटी की पढ़ाई में हो रही थी परेशानी

सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के नॉर्थ तोड़ा में सोमवार रात करीब 11 बजे यह घटना हुई। मृतक की पहचान संदीप पुत्र गम्मू उर्फ ओमप्रकाश वर्मा के रूप में हुई है। वह लकवे से पीड़ित था और घर पर ही रहता था।

टीआई रवींद्र पाराशर के मुताबिक, स्वजन ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी अनिल पुत्र बाबूलाल वर्मा तेज आवाज में टीवी चला रहा था। उस समय संदीप की बेटी पढ़ाई कर रही थी। टीवी की आवाज से पढ़ाई में परेशानी होने पर संदीप ने पड़ोसी से आवाज कम करने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

धक्का देने का आरोप, आरोपी की तलाश जारी

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अनिल ने संदीप को जोर से धक्का दे दिया। इससे वह गिर पड़ा और उसका सिर दीवार से टकरा गया। सिर में चोट लगने के बाद वह बेहोश हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। आरोपी अनिल ई-रिक्शा चलाता है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article