रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम बिंजकोट में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
प्लास्टिक बोरी में लेकर जा रहा था गांजा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु एसआई प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर धनेश्वर कुम्हार (62), निवासी बिंजकोट को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसकी बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट मिले। तौल में कुल 4.110 किलो गांजा बरामद हुआ।
गांजा बिक्री में सहयोग करने वाला भी गिरफ्तार
पूछताछ में धनेश्वर ने गांजा बिक्री के लिए रखने की बात बताई। जांच के दौरान ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये जब्त की गई।
दोनों आरोपितों के खिलाफ भूपदेवपुर थाने में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस अब गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
