बिलासपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा, न्यू दिल्ली और बालाजी स्वीट्स पर खाद्य विभाग की छापेमारी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। त्योहारी सीजन में मिठाइयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर की प्रमुख मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर खोवा और बेसन लड्डू के नमूने जांच के लिए जब्त किए। इस कार्रवाई में न्यू दिल्ली स्वीट्स और श्री बालाजी स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठान शामिल रहे।

कई दुकानों से लिए गए सैंपल

कलेक्टर और नियंत्रक के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया। इसके बाद श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू और खोवा के नमूने लिए गए। वहीं विनायक मावा फर्म और विक्रेता मनोज गुप्ता के यहां से भी खोवा के सैंपल जब्त किए गए।

दुकानों में मिली गंदगी, सुधार नोटिस की तैयारी

निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही सामने आई। अधिकारियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के तहत सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की है।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी जब्त नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article