नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव और विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शुभारंभ बुधवार, 4 नवंबर को किया गया। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिताओं की शुरुआत की।
कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दे रहा है। खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं और खिलाड़ियों को हर स्थिति में खेल भावना बनाए रखनी चाहिए।
मंत्री के मुताबिक, इस वर्ष बस्तर ओलंपिक के लिए करीब 63 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 48 हजार थी। वहीं, कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि जिले में इस बार पंजीयन पिछले साल की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक हुआ है।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा, रॉक बैंड और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक सहित नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं, बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाएं शामिल हैं।
आयोजन की शुरुआत छात्राओं के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ कराई गई। कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और तीरंदाजी सहित कई खेलों में भी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आयोजकों के अनुसार, इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है
