बलौदा। जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा नगर में चोरों ने ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात कोरबा रोड स्थित आरके ज्वेलर्स में एक और दो नवंबर की दरम्यानी रात अंजाम दिया गया। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
दुकान संचालक नरेंद्र सोनी के मुताबिक, वे एक नवंबर की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। दो नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे जब दुकान पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दरवाजे का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर करीब 3 किलो 970 ग्राम चांदी के जेवर गायब मिले। इनमें बिछिया, चूड़ी, पायल, चेन, करधन, अंगूठी, सिंदूर डिब्बे और अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा करीब 15 ग्राम सोने के टॉप्स, फैंसी बाली और कान छेदने का तार भी चोरी हुआ है। संचालक ने चोरी गए जेवरों की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है।
