रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अग्रसेन धाम चौक पर आधी रात तेज रफ्तार स्कोडा कार और बलेनो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बलेनो चला रहे 60 वर्षीय नरेंद्र सिंह भसीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।
शादी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, श्याम नगर निवासी परिवार नया रायपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक पर स्कोडा कार ने उनकी बलेनो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलेनो चला रहे नरेंद्र सिंह भसीन की जान चली गई। कार में मौजूद महिला और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं।
स्कोडा में सवार चार युवक फरार
बताया जा रहा है कि स्कोडा कार में चार युवक सवार थे। हादसे में वे भी घायल हुए, लेकिन घटना के बाद कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार जब्त कर ली है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है।
ड्रंक एंड ड्राइव की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जानकारी में हादसे को ड्रंक एंड ड्राइव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के पीछे शराब का सेवन या अन्य कारण होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
