गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा कर देश में अव्यवस्था फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक कार्यशैली और नेतृत्व पर आत्ममंथन करना चाहिए।
‘जीत पर पुरुषार्थ, हार पर EVM को दोष’
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस अपनी जीत का श्रेय लेती है, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को दोषी ठहराती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालतों के फैसलों पर भी सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जाती है।
कांग्रेस नेतृत्व बदलने की दी सलाह
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि जनता बार-बार उसे क्यों नकार रही है। उन्होंने पार्टी से ऐसे नेतृत्व में बदलाव करने की अपील की, जिस पर जनता का भरोसा कम हुआ है।
युवाओं को गुमराह न करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को अराजकता फैलाने के बजाय मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदारी से भाग लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष ने अपने कथित असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक व्यवहार में बदलाव नहीं किया, तो उसे अपना बचा हुआ जनाधार भी खोना पड़ सकता है।
