छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के चंद्रपुर निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। रिमोन एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है और उसके उपचार के लिए महंगे इंजेक्शन की जरूरत है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली AIIMS में हुई बीमारी की पहचान
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन के मुताबिक, कई अस्पतालों में उपचार कराने के बाद दिल्ली स्थित एम्स में बीमारी की पहचान हुई। जांच में रिमोन को आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन डिफिशिएंसी टाइप 1ए होने की जानकारी मिली। इलाज के लिए जापान और मलेशिया से करीब 13 लाख रुपये के इंजेक्शन मंगाने की जरूरत बताई गई है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की मंजूरी मिलने से उपचार का रास्ता आसान होने की उम्मीद है।
सिंगर बनने का सपना देखता है रिमोन
बीमारी के बावजूद रिमोन को गाने का बेहद शौक है। वह नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडालों और मंदिरों में जसगीत गाता है। बीमारी के कारण उसकी नियमित स्कूली पढ़ाई नहीं हो सकी, लेकिन वह घर पर पढ़ाई जारी रखता है। रिमोन का सपना बड़ा होकर सिंगर बनने का है।
मुख्यमंत्री से मिलकर सुनाया गीत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान रिमोन ने उन्हें गीत सुनाया। मुख्यमंत्री ने उसे स्नेह से दुलारा और स्वस्थ होकर अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिवार को इलाज में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
