माओवादियों के खात्मे के बाद पहली बार बस्तर जाएंगे राहुल गांधी, बोधघाट प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जल्द ही छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बोधघाट बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।

दीपक बैज के मुताबिक, हाल ही में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने बस्तर का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की थी। अब राहुल गांधी के जरिए प्रभावित लोगों की चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी है। कांग्रेस का कहना है कि बोधघाट परियोजना से स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका, विस्थापन और आदिवासी संस्कृति पर असर पड़ सकता है। पार्टी ने प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की बात कही है।

बिजली कटौती को लेकर सरकार पर निशाना

पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में अघोषित बिजली कटौती से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। बैज ने कहा कि बिजली उत्पादन में सरप्लस रहने वाले राज्य को अब बाहर से बिजली खरीदने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्मार्ट मीटर योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं। बैज के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग से जुड़े सहमति पत्र भरवा रहे हैं। पार्टी ने इस मुद्दे पर जनआंदोलन चलाने की बात कही है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के अधिकार और बिजली से जुड़े मुद्दे पार्टी के प्रमुख एजेंडे में रहेंगे।

Share this Article