नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने की पदयात्रा

admin  - News & Entertainment
1 Min Read

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत पदयात्रा आयोजित की गई। इसमें राज्यपाल रमेन डेका समेत बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

रायपुर। नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ गुरुवार को राजधानी रायपुर में पदयात्रा आयोजित की गई। यह आयोजन महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने टाउन हॉल परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने टाउन हॉल से शुरू हुई पदयात्रा में हिस्सा लिया।

पदयात्रा के दौरान लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। पदयात्रा टाउन हॉल से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राज्यपाल डेका ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस मौके पर राज्यपाल ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी और जनजागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। पदयात्रा में शामिल लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी समेत बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और शहर के नागरिक शामिल हुए।

Share this Article