मैत्री बाग़ में बढ़ा सफ़ेद बाघ का कुनबा, बाघिन ने दो शावकों को दिया जन्म

admin
1 Min Read

भिलाई(deshabhi.com) । भिलाई स्थित मैत्री बाग चिड़ियाघर में एक सफेद बाघिन ने दो शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन शावकों के जन्म के साथ ही भिलाई शहर में चिड़ियाघर में सफेद बाघों की संख्या 10 हो गई है। चिड़ियाघर के प्रभारी एनके जैन ने बताया, ‘‘पिछले साल आठ सितंबर को ‘रोमा’ (9) नाम की सफेद बाघिन ने दो नर शावकों को जन्म दिया और जन्म की खबर बृहस्पतिवार को सामने आई।”

उन्होंने बताया कि आम जनता शुक्रवार को शावकों को देख पाएगी। भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग (टीएसडी) के बागवानी अनुभाग द्वारा प्रबंधित मैत्री बाग चिड़ियाघर में 2023 में दूसरी बार सफेद बाघ शावकों का जन्म हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य सफेद बाघिन ‘रक्षा’ ने पिछले साल 28 अप्रैल को तीन शावकों को जन्म दिया था, जिनका नाम ‘रुस्तम’, ‘राणा’ और ‘बॉबी’ रखा गया। जैन ने कहा कि नए शावकों के जन्म से चिड़ियाघर में सफेद बाघों की कुल संख्या 10 हो गई है। उन्होंने बताया, ‘‘सफेद रंग के फर और नीली आंखों वाले ये शावक अब लगभग पांच महीने के हो गए हैं।”

Share this Article
Leave a comment