धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में ऑनलाइन रिश्ते के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यूनिक रिश्ते प्लेटफॉर्म के जरिए युवक को शादी का झांसा देकर 14 हजार रुपये ठग लिए गए। बाद में जब युवक ने मुलाकात की बात की तो उसे धोखे का पता चला।
फोन कॉल से शुरू हुआ खेल
कोतवाली थाना क्षेत्र के दानीटोला वार्ड निवासी रवि कुमार बघेल को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को रिश्ते कराने वाली ऑनलाइन सेवा से जुड़ा बताया और एक लड़की की फोटो भेजी। फोटो देखने के बाद युवक शादी के लिए तैयार हो गया।
UPI के जरिए वसूले पैसे
इसके बाद रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर UPI के जरिए लगातार पैसे मांगे गए। एक हफ्ते में युवक से 14 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। बाद में जब उसने लड़की से मिलने की बात कही तो उसे बताया गया कि लड़की किसी और के साथ चली गई है।
पुलिस में शिकायत, जांच जारी
ठगी का एहसास होने पर युवक थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पीड़ित ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन रिश्तों के नाम पर सतर्क रहें और किसी भी तरह की पेमेंट से पहले पूरी जांच करें।
