मध्य प्रदेश : में इन दिनों मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से बीते चार दिनों से राज्य के अलग अलग हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और कई जगह ओलावृष्टि दर्ज की जा रही है।
शुक्रवार को भी 20 से अधिक जिलों में मौसम का यही रुख बना रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और अधिक जिलों में असर बढ़ने की संभावना जताई है।
भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल और ग्वालियर सहित करीब 45 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जबलपुर में ओले गिरने की आशंका जताई गई है, जिससे किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
क्यों बिगड़ा मौसम, समझिए वजह
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश के मध्य हिस्से से एक टर्फ गुजर रही है, जबकि ऊपरी स्तर पर दूसरी टर्फ भी सक्रिय है। इसके अलावा पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में दो चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं।
इन सभी सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने के कारण 1 अप्रैल से लगातार 30 से 35 जिलों में मौसम का प्रभाव देखने को मिल रहा है। शनिवार को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
इन जिलों में ओले और बारिश का खतरा
शनिवार के लिए जिन जिलों में ओलावृष्टि के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें प्रमुख हैं
- जबलपुर
- छतरपुर
- पन्ना
- दमोह
- कटनी
वहीं कई अन्य जिलों में गरज चमक के साथ तेज हवा और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिनमें श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, मंदसौर, सीहोर, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, शहडोल, रीवा और सतना समेत कई इलाके शामिल हैं।
7 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 10 अप्रैल तक देखने को मिलेगा। इस दौरान कहीं तेज हवाएं तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके बाद धीरे धीरे मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू होगा।
महीने के अंत में पड़ेगी तेज गर्मी
अप्रैल के दूसरे सप्ताह के बाद गर्मी तेजी से बढ़ेगी। महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और खजुराहो जैसे क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
