रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की प्रतिष्ठित सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा आज आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को लेकर प्रशासन और अभ्यर्थियों के बीच सुबह से ही हलचल तेज दिखाई दे रही है।रायपुर जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8,449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी।अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेज जांच को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है।
सरकारी और निजी कॉलेजों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
जारी सूची के मुताबिक परीक्षा केंद्र शहर के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में बनाए गए हैं। अधिकांश केंद्रों पर 288 से 384 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुछ बड़े केंद्रों पर 480 से 576 उम्मीदवार परीक्षा देंगे।प्रमुख परीक्षा केंद्रों में मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज, सरोजिनी नायडू गर्ल्स कॉलेज, कोपल कॉलेज, मित्तल इंस्टीट्यूट और केएनपी कॉलेज शामिल हैं।
भोपाल में भी हजारों उम्मीदवार देंगे परीक्षा
इधर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी यूपीएससी सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। यहां 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 12,091 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक, सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल है UPSC
यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिनी जाती है। हर साल लाखों उम्मीदवार प्रशासनिक सेवाओं में चयन का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं।आज होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू चरण के लिए चयनित होंगे।
