बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। राउरपुर गांव में जर्जर कच्ची दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबने से दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बर्तन साफ करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग भोजन के बाद घर के बाहर बर्तन साफ कर रहे थे। इसी दौरान शशिकला खंडेलवाल कच्ची दीवार के पास बर्तन धो रही थीं। उनके साथ 12 वर्षीय वंशिक कोशले और 10 वर्षीय राधिका कोशले भी मौजूद थीं। तभी अचानक जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई और तीनों उसके मलबे में दब गए।
दो बच्चियों की मौके पर मौत, महिला गंभीर
हादसे में दोनों बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बुआ शशिकला खंडेलवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की जान जा चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद राउरपुर गांव में शोक का माहौल है। मासूम बच्चियों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
