कबीरधाम : जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के मीरमिट्टी गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। भेड़-बकरियां चराते समय आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक खुले खेत में मवेशियों की देखभाल कर रहा था और अचानक मौसम ने करवट ले ली।
राजस्थान से आया था मजदूरी करने
मृतक की पहचान धन्ना के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। वह राजस्थान से आए चरवाहों के समूह के साथ इलाके में पशुपालन का कार्य कर रहा था और यहीं रहकर जीविकोपार्जन कर रहा था।
तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली, नहीं मिला संभलने का मौका
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान अचानक बादल घिर आए और तेज गर्जना शुरू हो गई। इसी बीच आकाशीय बिजली सीधे धन्ना पर आ गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों को संभलने का भी अवसर नहीं मिला।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही पिपरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों को दी गई सूचना, लोगों को सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही लगातार बदलते मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे खुले स्थानों पर जाने से बचें और आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतें। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
