दिल्ली। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में 3 अप्रैल की सुबह अचानक उठी धूल भरी आंधी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को ड्राइविंग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर ट्रैफिक धीमा हो गया और हवा में धूल की मात्रा बढ़ने से सांस और आंखों की समस्याओं का खतरा बढ़ गया।
तेज हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम बदला
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह तेज हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) को माना जा रहा है। हवाओं की रफ्तार दिल्ली-एनसीआर में 40 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।
IMD ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें और वाहन चलाते समय सतर्क रहें।
अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 3 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं तथा हल्की बारिश की संभावना रहेगी। 4 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी जारी रह सकती है। अगले 1-2 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की उम्मीद है। इसके बाद मौसम मुख्य रूप से साफ हो जाएगा।
- न्यूनतम तापमान: 21°C
- अधिकतम तापमान: 33°C
अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक, अप्रैल महीने में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश पर पड़ सकता है।
- तेज हवाएं: 50 से 60 किमी/घंटा
- बारिश: कई इलाकों में हल्की से मध्यम
- ओलावृष्टि: कुछ जगहों पर संभावित
