नई दिल्ली। अरबपति गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी ने अमेरिकी अदालत में यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन द्वारा दायर सिक्योरिटीज फ्रॉड के मुकदमे को खारिज करने की अपील की है। उन्होंने दलील दी है कि यह मामला अमेरिका के अधिकार क्षेत्र से बाहर है और इसमें किसी तरह की गलत कार्रवाई साबित नहीं होती है।
30 अप्रैल को प्रस्तावित याचिका से पहले दायर पत्र में अडानी परिवार ने अपने वकीलों के माध्यम से कहा कि अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड द्वारा 2021 में किए गए बॉन्ड बिक्री को लेकर एसईसी के आरोप कानूनी रूप से गलत हैं। खबर है कि अदालत ने अडानी पक्ष की इस याचिका को मंजूरी दे दी है।
इस खबर के बाद शेयर बाजार में अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखी गई। कारोबार के दौरान अडानी इंटरप्राइजेस के शेयर में 11 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज हुई और यह 2089.80 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया। अडानी पोर्ट एंड एसईजेड करीब 9 प्रतिशत चढ़कर 1504 रुपये पर पहुंचा। अडानी पावर में 6.64 प्रतिशत की तेजी के साथ शेयर 174.25 रुपये तक गया।
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में करीब 10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई और शेयर 1085.30 रुपये पर पहुंचा। अडानी ग्रीन एनर्जी में 13.14 प्रतिशत और अडानी टोटल गैस में 13.45 प्रतिशत की तेजी देखी गई। अंबूजा सीमेंट्स के शेयर में करीब 10 प्रतिशत और एसीसी लिमिटेड में 8.10 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई। वहीं एनडीटीवी के शेयर में 12.26 प्रतिशत की तेजी आई।
शेयरों में तेजी के चलते अडानी ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप में बड़ा इजाफा हुआ। अडानी इंटरप्राइजेस का मार्केट कैप बढ़कर 2.69 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि अडानी पोर्ट एंड एसईजेड 3.46 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। अडानी पावर का मार्केट कैप 3.36 लाख करोड़ रुपये हो गया।
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का मार्केट कैप 1.30 लाख करोड़ रुपये और अडानी ग्रीन एनर्जी का 1.72 लाख करोड़ रुपये हो गया। अडानी टोटल गैस 64,800 करोड़ रुपये और अंबूजा सीमेंट्स 1.14 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसीसी लिमिटेड का मार्केट कैप 27,185 करोड़ रुपये और एनडीटीवी का 880 करोड़ रुपये हो गया।
कुल मिलाकर, इस तेजी के कारण अडानी ग्रुप की 9 कंपनियों के मार्केट कैप में करीब 1.28 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इसके साथ ही ग्रुप का कुल मार्केट कैप बढ़कर 14.62 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 13.34 लाख करोड़ रुपये था।
