जनगणना 2027 की शुरुआत: पहली बार खुद ऑनलाइन भर सकेंगे अपनी जानकारी

3 Min Read

नई दिल्ली : से देश के सबसे बड़े प्रशासनिक अभियान की शुरुआत हो चुकी है। जनगणना 2027 का पहला चरण बुधवार से शुरू हो गया है, जिसमें इस बार नागरिकों को पहली बार स्व गणना यानी खुद ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा दी गई है।

पहले दिन ही हजारों परिवार जुड़े

अभियान की शुरुआत के साथ ही लोगों में उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन करीब 55 हजार परिवारों ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर दी।

इन राज्यों में शुरू हुआ पहला चरण

फिलहाल इस प्रक्रिया की शुरुआत आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में की गई है। इनमें दिल्ली के एनडीएमसी और कैंट क्षेत्र, कर्नाटक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, गोवा, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम शामिल हैं।

देश के शीर्ष नेताओं ने भी भरी जानकारी

इस अभियान की औपचारिक शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्व गणना के जरिए की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी ऑनलाइन फॉर्म भरकर इस पहल में भागीदारी निभाई।

कैसे करें स्व गणना

नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और जरूरी विवरण के साथ लॉगिन कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद उन्हें एक यूनिक सेल्फ एनुमरेशन आईडी मिलती है, जिसे बाद में घर आने वाले गणनाकर्मी को दिखाना होगा।

पहले चरण में क्या होगा सर्वे

इस चरण में घरों की संख्या, उनकी स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके लिए कुल 33 सवाल तैयार किए गए हैं।

तय समय सीमा

यह चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। हर राज्य को इसके लिए अलग से 30 दिन की अधिसूचित अवधि दी जाएगी। खास बात यह है कि घर घर सर्वे से पहले 15 दिन का अतिरिक्त समय केवल स्व गणना के लिए रखा गया है।

डेटा रहेगा पूरी तरह सुरक्षित

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन भरी गई सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेगी। यह सुविधा 16 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।

Share this Article