बिलासपुर : जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। अपने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट की घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। शिकायत सामने आते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी लेने पहुंचे पीड़ित के साथ हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने मामले की स्थिति जानने थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब ढाई बजे उन्होंने एएसआई से केस की प्रगति और कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने को लेकर बातचीत की। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला विवाद में बदल गया।
गाली-गलौज और थप्पड़ों की बरसात का आरोप
पीड़ित विनोद जायसवाल ने आरोप लगाया है कि एएसआई ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए करीब 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। इस मारपीट के बाद उनके कान में सुनाई देना कम हो गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने धमकी भी दी कि तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा और जेल भिजवा दूंगा। घटना के वक्त थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
जांच रिपोर्ट के बदले पैसे मांगने का भी आरोप
मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि एएसआई द्वारा जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले पैसों की मांग की जा रही थी। यह आरोप पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना देता है।
शिकायत के बाद तुरंत एक्शन, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पीड़ित ने सीधे एसएसपी से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आरोपी एएसआई को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
मारपीट के बाद स्वास्थ्य बिगड़ा, जांच जारी
घटना के बाद पीड़ित को सिरदर्द और सुनने में परेशानी की शिकायत है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय राजनीति से जुड़ा है पीड़ित का नाम
बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल पहले कोयला कारोबार से जुड़े रहे हैं और क्षेत्रीय राजनीति में भी सक्रिय हैं। वे खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी और रिश्तेदार बताते हैं।
