सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली विवाद और मारपीट का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शराब पीने को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार मृतक संतलाल ने शुक्रवार सुबह अपने बेटे के दोस्त जानचंद को कुछ युवकों के साथ शराब पीते देखा था। इस दौरान उन्होंने शराब पीने और कर्ज के पैसों को लेकर युवक को फटकार लगाई। आरोप है कि गुस्से में आकर जानचंद ने संतलाल को कई थप्पड़ मार दिए। इसके बाद संतलाल ने भी टांगी के बेंत से जानचंद की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया।
थाने जाने के बाद लौट आए थे बुजुर्ग
मारपीट की घटना के बाद संतलाल शिकायत दर्ज कराने बतौली थाने के लिए निकले थे, लेकिन किसी कारणवश बिना शिकायत दर्ज कराए वापस घर लौट आए। इसी घटना के बाद आरोपी बदला लेने की योजना बनाने लगा।
देवगुड़ी में पूजा के दौरान किया जानलेवा हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि जानचंद ने अपने साथी सुखऊ को बुलाया और दोनों ने संतलाल की तलाश शुरू कर दी। जब वह नहीं मिले तो उन्होंने उनके बेटे दिनेश से फोन पर जानकारी ली। बाद में देवगुड़ी में पूजा के दौरान दोनों आरोपियों ने सरई की लकड़ी के डंडे से संतलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी टांगी और मोबाइल फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 332(क) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
डीआईजी और एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जानचंद ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सुखऊ के साथ मिलकर पहले हुई मारपीट और शराब पीने को लेकर हुए विवाद का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची थी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।
कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
