कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित SECL की दीपका खदान में खनन कार्य के दौरान एक डंपर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब दो करोड़ रुपये कीमत का डंपर कुछ ही देर में जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि डंपर के इंजन से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को देखते हुए चालक ने समय रहते डंपर से कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद खदान में इस्तेमाल होने वाले भारी वाहनों के रखरखाव और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
