अंबिकापुर, 11 अप्रैल। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में प्रेमिका की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से दबोचा और पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
शक ने ली एक रिश्ते की जान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मिथुन उर्फ पंडा को अपनी प्रेमिका पर किसी अन्य युवक के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहा, जो धीरे-धीरे हिंसा में बदल गया और अंत में हत्या की घटना को अंजाम दे दिया गया।
वारदात के बाद फरार, ट्रेन से बदलता रहा ठिकाना
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए ट्रेन के जरिए अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। लंबे समय तक फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे चिरमिरी क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
क्राइम सीन री-क्रिएशन से मिली अहम जानकारी
पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरी वारदात का री-क्रिएशन कराया गया। इस दौरान आरोपी ने बताया कि किस तरह विवाद के बाद उसने महिला पर हमला किया था और हत्या की घटना को अंजाम दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
6 साल से साथ रह रहे थे दोनों
जानकारी के मुताबिक आरोपी और मृतका पिछले 6 वर्षों से एक साथ रह रहे थे और दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे। महिला अपने परिवार से अलग रह रही थी। इस पूरे मामले पर सरगुजा के पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने विस्तृत जानकारी साझा की है।
