रायपुर। त्योहारी सीजन के बीच रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई की है। तेलीबांधा क्षेत्र की तीन मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे के निरीक्षण में स्वच्छता व्यवस्था खराब मिलने पर चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी और रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की।
विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे
निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
विभाग के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निरीक्षण और कार्रवाई जारी रह सकती है।
