रायपुर : के मुजगहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेजबहार में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों और तीन विधि के साथ संघर्षरत नाबालिगों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू और डंडा बरामद किया है।
रात 1:30 बजे रोकी बाइक, हमला कर छीनी संपत्ति
यह घटना 8 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे की है। पीड़ित भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ भाठागांव से मुजगहन की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स के पास दो बाइकों में सवार पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने पहले बाइक गिराई, फिर चाबी निकालकर डंडे से हमला किया। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान बीच बचाव करने आई दोनों युवतियों के साथ भी मारपीट की गई और उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए खींचने की कोशिश की गई, जिससे उनके कपड़े तक फट गए। इसके बाद आरोपी गले की चैन, ताबीज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने बनाई संयुक्त टीम, ऐसे पहुंचे आरोपियों तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में मुजगहन थाना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन नामदेव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। इसके बाद आरोपी नितिन ध्रुव और तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया।
लूट का सामान और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, चाकू, डंडा और अन्य लूट का सामान जब्त किया है। सभी के खिलाफ मुजगहन थाने में अपराध क्रमांक 76/26 के तहत बीएनएस की धारा 310(2), 74 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले भी आपराधिक गतिविधियों में रहे शामिल
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चेतन नामदेव और एक नाबालिग पहले भी चोरी के मामलों में थाना विधानसभा और गुढ़ियारी में पकड़े जा चुके हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
