रायपुर। दिवाली से पहले रायपुर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सारागांव में पोल्ट्री फार्म के पास चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर 12 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 3.48 लाख रुपये से अधिक नकद, एक कार, आठ दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14.53 लाख रुपये से अधिक है।
बिलासपुर और बलौदाबाजार से भी पहुंचे थे जुआरी
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सारागांव स्थित ग्वाला पोल्ट्री फार्म के पास जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद खरोरा पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर छापा मारा। वहां काटपत्ती खेल रहे 12 लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में रायपुर जिले के विभिन्न इलाकों के साथ बिलासपुर और बलौदाबाजार के निवासी भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ देर अफरा-तफरी मची। पुलिस का कहना है कि जुए के फड़ का मुख्य आरोपी उमेश साहू मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
नकदी, वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके से 3,48,820 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद की। इसके अलावा एक कार, आठ दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 14,53,820 रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में गोलू यादव, राजा साहू, डिगेश्वर वर्मा, मूलचंद साहू, एसराज निषाद, शत्रुहन वर्मा, नारायण चन्द्राकर और खिलेश्वर वर्मा सहित अन्य लोग शामिल हैं।
दिवाली तक जारी रहेगी निगरानी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। त्योहार के मद्देनजर आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार, अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
