रायपुर में 8 साल के बच्चे का अपहरण, 15 लाख की फिरौती मांगी 6 घंटे में खुलासा

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर, छत्तीसगढ़। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आठ वर्षीय बालक के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में छह घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 अक्टूबर 2026 की है। आरंग निवासी बच्चे के पिता इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल दुकान में काम करते हैं, जबकि उसकी मां नर्स है। घटना की सुबह मां बच्चे को दुकान पर छोड़कर गई थी। करीब नौ बजे बच्चा खेलने और साइकिल चलाने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। इसके बाद शाम करीब चार बजे आरंग थाने में सूचना दी गई। इसी दौरान बच्चे के पिता के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। फोन करने वालों ने बच्चे को अपने कब्जे में होने की बात कहते हुए उसे छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

सूचना मिलने पर आरंग पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तलाश और घेराबंदी शुरू की। रेंज साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस की दबिश बढ़ने पर अपहरणकर्ता बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने बाद में बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश देकर हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25) और मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20) को पकड़ा। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this Article