लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई से लौट रही टीम के वाहन और नाबालिग बाइक सवार बच्चों के बीच हुए सड़क हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
बैगाकापा के पास हुआ दर्दनाक हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मनोहरपुर गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई पूरी कर लौट रही थी। इसी दौरान बैगाकापा गांव के समीप तीन नाबालिग एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सामने आ गए। बताया जा रहा है कि उन्हें बचाने की कोशिश में सरकारी वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटा। हादसे में तीनों बच्चे घायल हुए, जिनमें से एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की परिस्थितियों पर उठ रहे कई सवाल
घटना के बाद इलाके में दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि हादसे के समय सरकारी वाहन किस रफ्तार से चल रहा था, चालक की स्थिति क्या थी, वाहन में कौन-कौन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे तथा दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल किसी भी जांच एजेंसी ने चालक या आबकारी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
एसपी बोले—हर पहलू की होगी गहन पड़ताल
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना गंभीर चिंता का विषय है। इसके साथ ही दुर्घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी। वहीं जिला प्रशासन ने मृतक और घायल बच्चों के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की है।
पारदर्शी जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से की जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकें। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
