रायपुर : राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई। चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला को आपात स्थिति में प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर उतारकर प्रसव कराया गया। स्टेशन पर स्थायी डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण मौके पर मौजूद यात्रियों और सफाई कर्मचारियों ने साड़ियों और चादरों की मदद से अस्थायी घेरा तैयार किया। बाद में ऑन-कॉल पहुंचे रेलवे डॉक्टर ने प्रसव कराया, लेकिन समय से पहले जन्म लेने के कारण नवजात की जान नहीं बचाई जा सकी।
दुर्ग से निकलते ही शुरू हुई प्रसव पीड़ा, रायपुर पहुंचते-पहुंचते हुई हालत नाजुक
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिहार के दरभंगा जा रही लक्ष्मी देवी ट्रेन संख्या 17005 सिकंदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रही थीं। दुर्ग स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के कुछ समय बाद ही उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सहयात्रियों ने इसकी सूचना टीटीई को दी, जिसके बाद कमर्शियल कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर रेलवे स्टेशन को मेडिकल अलर्ट भेजा गया।
ट्रेन के रायपुर पहुंचने तक महिला की स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी। ऐसे में बिना समय गंवाए उन्हें प्लेटफॉर्म पर उतारकर तत्काल प्रसव की व्यवस्था की गई।
साड़ियों और चादरों से बनाया गया अस्थायी प्रसव कक्ष
स्टेशन पर स्थायी मेडिकल टीम मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस दौरान यात्रियों और सफाई कर्मचारियों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए साड़ियों और चादरों की मदद से अस्थायी घेरा तैयार किया, ताकि महिला का सुरक्षित प्रसव कराया जा सके। सूचना मिलने पर पहुंचे ऑन-कॉल डॉक्टर ने प्रसव कराया, लेकिन समय से पहले जन्मे नवजात को बचाया नहीं जा सका।
स्थायी डॉक्टर नहीं, हर आपात स्थिति में देरी बनी बड़ी चुनौती
रायपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से स्थायी मेडिकल यूनिट और डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग उठती रही है। जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में रेलवे प्रशासन ने डॉक्टरों की भर्ती के लिए तीन बार विज्ञापन जारी किए, लेकिन एमबीबीएस डिग्री समेत अन्य पात्रता शर्तों के चलते एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
वर्तमान में स्टेशन पर किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में रेलवे अस्पताल से डॉक्टरों की टीम बुलानी पड़ती है। इससे जरूरी उपचार शुरू होने में देरी होती है, जो कई बार मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है।
