नई दिल्ली, 04 अप्रैल। महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया। दरगुडे परिवार की मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी। इस दुर्घटना में परिवार के नौ सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और छह मासूम बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 से 14 साल के बीच थी, जिनमें पांच लड़कियां और एक 11 वर्षीय लड़का शामिल था। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। अंधेरे में चालक का वाहन पर नियंत्रण टूट गया और कार सीधे सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई।
राहत और बचाव में मिली कठिनाई
कुएं में पानी भरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कड़ी मेहनत के बाद कार और सभी शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
दिंडोरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का नियंत्रण खो जाना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इसके अलावा सड़क की स्थिति, वाहन की रफ्तार और अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
