रायपुर में नाइजीरियाई ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़: बीपी मशीन के डिब्बों में कोकीन की तस्करी, दिल्ली से दो गिरफ्तार

2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दिल्ली से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक और उसका भारतीय सहयोगी शामिल है। यह गिरोह बीपी (ब्लडप्रेशर) मशीन के बॉक्स में कोकीन छिपाकर कोरियर के जरिए रायपुर सप्लाई करता था। पुलिस ने इनके पास से 11 लाख रुपए का सामान और करीब 10 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं।

इस गिरोह का खुलासा मार्च 2026 में हुआ था, जब रायपुर के देवेंद्र नगर में एक व्यक्ति को कोकीन के साथ पकड़ा गया था। जांच में पता चला कि नाइजीरिया में बैठा चिची नामक व्यक्ति इस पूरे सिंडिकेट को चला रहा था। भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों का इस्तेमाल कमीशन के बदले ड्रग्स के पैसों के लेन-देन के लिए करता था। पकड़े गए नाइजीरियन आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने पिछले छह महीनों में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच में आरोपियों के बैंक खातों से 2 करोड़ रुपए से अधिक का संदिग्ध लेन-देन मिला है। पुलिस ने देवेंद्र नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ियों को पूरी तरह खत्म करने का दावा किया है।

Share this Article