ग्वालियर : के मुरार इलाके में पारिवारिक विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के वक्त घर में मौजूद बेटियों ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिससे समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे पकड़ लिया।
नशे की लत से बिगड़ते हालात
घटना सिंहपुर रोड के पास पीतल कारखाने के पीछे की बताई जा रही है। घायल महिला सुनीता बाथम सिलाई का काम कर घर चलाती है, जबकि उसका पति कल्लू बाथम शराब का आदी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वह अक्सर नशे में घर आकर विवाद करता था।
कहासुनी से हिंसा तक पहुंचा मामला
शुक्रवार को आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी से बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने आपा खो दिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेटियों की सतर्कता के कारण पड़ोसी मौके पर पहुंचे और महिला को हमलावर से बचाया। इस हमले में सुनीता को पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घायल महिला को तुरंत मुरार के माधवराव सिंधिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे वार्ड नंबर 6 में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
फरार आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। बाद में पुलिस ने उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया और मुरार थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
देर रात दर्ज हुए बयान
घटना के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बयान नहीं लिया। देर रात अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
