बस्तर में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई, शराब के नशे में पहुंचे हेडमास्टर निलंबित

2 Min Read

जगदलपुर, बस्तर। छत्तीसगढ़ में जनगणना की तैयारियों के तहत शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है, लेकिन बस्तर जिले से एक गंभीर अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। प्रशिक्षण में शराब के नशे में पहुंचे एक हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बकावंड ब्लॉक में प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता का मामला

जानकारी के अनुसार, बकावंड ब्लॉक में जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह प्रशिक्षण प्राथमिक शाला आंवराभाटा में पदस्थ हेडमास्टर टीकम कश्यप के लिए भी निर्धारित था।

लेकिन आरोप है कि हेडमास्टर प्रशिक्षण स्थल पर शराब के नशे की हालत में पहुंचा, जिससे कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित हुई।

अधिकारियों से दुर्व्यवहार के भी आरोप, तुरंत हुई कार्रवाई

मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि नशे की हालत में हेडमास्टर ने वहां मौजूद अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया। स्थिति को गंभीर मानते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निलंबन, दरभा में अटैच

कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर टीकम कश्यप को निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें दरभा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर सख्त संदेश गया है।

Share this Article