उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी और शिकार के उपकरण बरामद, 6 तस्कर गिरफ्तार

3 Min Read

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के दक्षिण उदंती वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी, वन्यजीवों के अवशेष और शिकार में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

13 घरों में एक साथ दी गई दबिश

वन विभाग की टीम ने ग्राम साहेबिनकछार में अभियान चलाते हुए 13 संदिग्ध लोगों के घरों और परिसरों की तलाशी ली। जांच के दौरान छह आरोपियों के कब्जे से सागौन, साल और बीजा प्रजाति की बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी, लट्ठे, स्लीपर और पल्ले बरामद किए गए।

शिकार के उपकरण भी हुए जब्त

तलाशी के दौरान वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद हुए। इनमें फंदे, तीर-धनुष, गुलेल समेत अन्य शिकार संबंधी सामग्री शामिल है। इसके अलावा कुछ आरोपियों के घरों से लकड़ी काटने के औजार, आरा मशीन, बसुला, रंदा और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

इन छह आरोपियों पर हुई कार्रवाई

वन विभाग ने इस मामले में सुमेर गोंड़, जुवराज गोंड़, उपेंद्र गोंड़, हरि नेताम, पुस्तम नेताम और चिमन नागेश के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 तथा वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

दो चरणों में हुई गिरफ्तारी

जांच के बाद पहले चरण में 15 जून को सुमेर गोंड़, जुवराज गोंड़ और उपेंद्र गोंड़ को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, गरियाबंद में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इसके बाद शेष तीन आरोपी हरि नेताम, पुस्तम नेताम और चिमन नागेश को भी गिरफ्तार कर 23 जून को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उन्हें भी न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

जांच जारी

वन विभाग का कहना है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी और वन्यजीव शिकार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Share this Article