रायपुर, 16 अप्रैल। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में शुरू हुई और कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में भारी मात्रा में लकड़ी और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के व्यापारिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बढ़ानी पड़ी गाड़ियों की संख्या
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शुरुआत में 6 दमकल वाहन भेजे गए थे, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में संख्या बढ़ाकर 12 से अधिक कर दी गई। दमकल कर्मी लगातार कई घंटों से आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और राहत व बचाव कार्य तेजी से जारी है।
धुएं के गुबार से सहमा इलाका, कारणों की जांच जारी
आग की लपटें इतनी तीव्र थीं कि दूर तक धुएं का गुबार नजर आ रहा था। इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
