International Yoga Day 2026: अंबिकापुर में योग का महासंगम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सामूहिक योग, बोले, योग है स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी गारंटी

3 Min Read

अंबिकापुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया और स्वयं भी सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री बोले, योग स्वस्थ जीवन की गारंटी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘मोदी की गारंटी’ लोगों के विश्वास का प्रतीक बनी है, उसी तरह योग भी स्वस्थ और संतुलित जीवन की गारंटी है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में राज्य स्तरीय योग दिवस का आयोजन होना पूरे सरगुजा संभाग के लिए गर्व की बात है।

भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्य उपहार है योग

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। आज की भागदौड़ भरी और अनियमित जीवनशैली में योग का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखता, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

युवाओं और बच्चों से नियमित योग अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नियमित रूप से योग करना चाहिए। उनका कहना था कि योग अब केवल व्यक्तिगत अभ्यास नहीं रह गया है, बल्कि यह जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि पहले योग का संचालन समाज कल्याण विभाग के माध्यम से होता था, लेकिन अब इसे आयुष विभाग से जोड़कर व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है।

हर परिवार की दिनचर्या का हिस्सा बने योग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों से अपील की कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग आत्मविश्वास बढ़ाने, शरीर को फिट रखने, मोटापे पर नियंत्रण पाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।

45 मिनट तक चला सामूहिक योगाभ्यास

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, सरगुजा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने लगभग 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

Share this Article