कोरबा में भीषण सड़क हादसा…स्कॉर्पियो-ट्रेलर टक्कर में एक की मौत…दो गंभीर

2 Min Read

कोरबा। जिले के तरदा भारतमाला मार्ग पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

गैस कटर से निकाले गए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया।

तीन लोग थे सवार

जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। तरदा के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।

इस दुर्घटना में 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव की मौत हो गई, जो झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी थे। वहीं घायलों में चंद्र प्रकाश यादव और नागेंद्र साहू शामिल हैं।

काम के सिलसिले में जा रहे थे कोरबा

बताया जा रहा है कि संबंधित कंपनी का काम कोरबा में भी चल रहा था और इसी सिलसिले में डंपर वाहनों को रायपुर से कोरबा शिफ्ट किया जा रहा था। मृतक पिछले दो वर्षों से कंपनी में कार्यरत था और हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव भी गया था। उसकी शादी को तीन साल हो चुके थे और वह एक छोटे बच्चे का पिता था।

जांच जारी, परिजन रवाना

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं। उरगा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this Article