दिव्यांग युवाओं के लिए सुनहरा मौका…रायपुर में लगेगा रोजगार मेला, 30 हजार तक सैलरी पाने का अवसर

2 Min Read

रायपुर। दिव्यांग युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर में 5 जून को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब फेयर शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी कंपनियां योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी।

कई बड़ी कंपनियां देंगी नौकरी का अवसर

उपसंचालक रोजगार डॉ. शशी अतुलकर के अनुसार यंग इंडिया के सहयोग से आयोजित इस रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनमें क्रेडालिस केपिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई ट्रेड टेलिमेटिक्स निगरानी जीपीएस, रामा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड, बारबर्रिक ट्रांसफॉर्मर्स, अविनाश डेवलपर्स, स्काई ऑटोमोबाइल (मारुति नेक्सा) और विश्वभारती ऑटोमोबाइल जैसी कंपनियां शामिल हैं।

11 हजार से 30 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी

रोजगार मेले में अस्थिबाधित, बौने, कम सुनने वाले तथा दृष्टिबाधित दिव्यांगजन हिस्सा ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और पद के अनुसार प्रतिमाह 11 हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। चयन के बाद कार्यस्थल रायपुर और सिलतरा क्षेत्र रहेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे दिव्यांग अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जो बिना व्हीलचेयर के चलने-फिरने में सक्षम हों। अभ्यर्थियों के लिए eRojgar पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य रखा गया है।

ये दस्तावेज साथ रखना जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लानी होगी।

यहां मिलेगी पूरी जानकारी

अभ्यर्थी रोजगार मेले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए eRojgar पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं। इसके अलावा रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Share this Article