छत्तीसगढ़ में बिजली कनेक्शन अब मिनटों का काम…पूरी प्रक्रिया हुई ऑनलाइन, ऑफिस जाने की झंझट खत्म

3 Min Read

छत्तीसगढ़ : बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी पहल शुरू हुई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ ऐप, कॉमन सर्विस सेंटर या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आसानी से आवेदन कर सकते हैं, जिससे बार-बार दफ्तर जाने की जरूरत खत्म हो जाएगी।

शहर में 7 दिन, गांव में 15 दिन में मिलेगा कनेक्शन
कंपनी के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में ऑनलाइन आवेदन के बाद अधिकतम 7 दिनों के भीतर नया बिजली कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण इलाकों के लिए 15 दिन की समय सीमा तय की गई है। हालांकि यह सुविधा तभी संभव होगी, जब आवेदक के घर के पास पहले से बिजली का पोल मौजूद हो।

1 अप्रैल से पूरी प्रक्रिया डिजिटल, ट्रैकिंग भी आसान
1 अप्रैल से नई कनेक्शन व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल मोड पर शिफ्ट कर दिया गया है। वेबसाइट या ऐप के जरिए किए गए आवेदन सीधे कंपनी के सिस्टम में दर्ज होंगे और आगे की कार्रवाई भी ऑनलाइन ही पूरी की जाएगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ता अपने आवेदन की स्थिति आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।

ऑनलाइन नहीं कर पा रहे आवेदन? हेल्प डेस्क करेगी मदद
जो लोग खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए वितरण केंद्र, जोन और उपसंभाग कार्यालयों में हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। यहां मौजूद इंजीनियर और स्टाफ आवेदकों के फॉर्म को सिस्टम में ऑनलाइन दर्ज करेंगे, ताकि किसी को भी सुविधा से वंचित न रहना पड़े।

मोबाइल नंबर से जुड़ेगा पूरा सिस्टम, प्रक्रिया बनेगी पारदर्शी
आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर अनिवार्य रखा गया है, जिससे हर स्टेप की जानकारी सीधे उपभोक्ता तक पहुंचेगी। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, तेज और भरोसेमंद बनेगी।

बिजली सेवाओं में डिजिटल क्रांति, उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
इस नई व्यवस्था से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होगी। यह पहल छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस को एक नया आयाम देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Share this Article