दुर्ग में महिला मित्र से बदसलूकी का विरोध, युवक की चाकू मारकर हत्या

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

दुर्ग में महिला मित्र से बदसलूकी का विरोध, युवक की चाकू मारकर हत्या

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में महिला मित्र के साथ कथित बदसलूकी का विरोध करने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना हरिनगर स्थित एक पीजी की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय चित्रेश सहारे के रूप में हुई है। बताया गया कि चित्रेश सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह सोमवार को एसबीआई की परीक्षा देने दुर्ग आया था।

पुलिस के मुताबिक, परीक्षा के बाद चित्रेश अपनी महिला मित्र और उसकी बहन के साथ दोस्त रवि के पीजी कमरे में पहुंचा था। वहां सिगरेट मांगने को लेकर पीजी में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से उसकी कहासुनी हुई।

आरोप है कि इसी दौरान महिला मित्र के साथ बदसलूकी की गई, जिसका चित्रेश ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर चित्रेश पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल चित्रेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वैभव मानकर और राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी राजनांदगांव के रहने वाले बताए गए हैं और दुर्ग में रैपिडो से जुड़ा काम करते थे। मामले की जांच जारी है।

Share this Article