दुर्ग में विवाद ने ली जान, मारपीट में युवक की मौत से सनसनी, दो आरोपी गिरफ्तार

2 Min Read

दुर्ग, छत्तीसगढ़। अंडा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया, जहां मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गांव खाड़ा के स्कूल पारा में हुआ विवाद, मामला पहुंचा जानलेवा मोड़ तक

पूरा मामला ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतक शंभू निषाद लंबे समय तक गुजरात में निवास कर रहा था और हाल ही में अपने गांव लौटा था। गांव लौटने के बाद उसका संतोष यादव और रोहित यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने शंभू निषाद पर हाथ मुक्का और लात से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल शंभू निषाद को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया। लेकिन उपचार के दौरान 13 अप्रैल को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर थाना अंडा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से और रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

Share this Article