लोरमी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने अचानकमार वनांचल के आठ गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जनचौपाल के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को बिजली, पेयजल, सड़क और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की भी घोषणा की।
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
उप मुख्यमंत्री ने जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बिंदावल सहित आठ गांवों में आयोजित जनचौपाल में हिस्सा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर दिया जोर
जनचौपाल के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क और आवास से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अरुण साव ने बताया कि शिवतराई-केवची और बिजराकछार-औरापानी सड़क निर्माण कार्य बारिश समाप्त होते ही शुरू किए जाएंगे। साथ ही संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा
वनांचल के विभिन्न गांवों के लिए सीसी रोड, सामुदायिक मंच, शेड, हाईमास्ट लाइट और अन्य विकास कार्यों की घोषणा की गई। इसके अलावा ग्राम बिंदावल की रामायण मंडली को वाद्य यंत्र प्रदान किए गए। युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करते हुए आठों गांवों की क्रिकेट टीमों को क्रिकेट किट भी वितरित की गई।
बिजली और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हैंडपंपों की मरम्मत, सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था, सड़क सुधार और बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनांचल के किसी भी गांव में बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
सरकारी योजनाओं का भी मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास और सुविधाओं को पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
