कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मायके पक्ष के गंभीर आरोपों के बाद दफन किए गए शव को चार दिन बाद कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया है।मृतका विनीता के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
कब्र से निकाला गया शव, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
मामला उरगा थाना क्षेत्र के भलपहरी गांव का है। शुक्रवार को पुलिस, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में विनीता का शव कब्र से बाहर निकाला गया।बताया जा रहा है कि विनीता की अचानक तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि मायके पक्ष इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बता रहा है।
दहेज और मारपीट के आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति मुकेश पाटले और उसके परिवार वाले लंबे समय से विनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।परिजनों के मुताबिक विनीता के साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।मायके पक्ष ने दावा किया कि जब शव को अंतिम संस्कार से पहले नहलाया गया, तब शरीर पर चोट के कई निशान दिखाई दिए। इसके अलावा नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई।इसी वजह से बिना पोस्टमार्टम जल्दबाजी में शव दफनाने को लेकर परिवार का शक और गहरा गया।
बहन बोली- कुछ दिन पहले तक पूरी तरह स्वस्थ थी
विनीता की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थी और एक शादी समारोह में डांस भी कर रही थी।परिजनों ने सवाल उठाया कि आखिर अचानक एक-दो दिन में ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत हो गई।उन्होंने यह भी पूछा कि अगर मौत सामान्य बीमारी से हुई थी तो पोस्टमार्टम से बचने की कोशिश क्यों की गई और ससुराल पक्ष सही जानकारी देने से क्यों बच रहा है।हालांकि मृतका के पति मुकेश पाटले ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
रिपोर्ट आने के बाद होगा बड़ा खुलासा
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और फॉरेंसिक जांच भी कराई गई है।उरगा थाना प्रभारी के मुताबिक पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
