महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि, कहा- उनके विचार आज भी प्रासंगिक

2 Min Read

रायपुर। महान समाज सुधारक और शिक्षाविद् महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महात्मा फुले के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज के पिछड़े, शोषित और वंचित वर्गों की सेवा में बीता। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा हथियार माना और समाज में बराबरी लाने के लिए कई बड़े कार्य किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा फुले द्वारा बनाए गए सत्यशोधक समाज ने भेदभाव के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई थी। उनके विचारों ने समाज में न्याय और आत्मसम्मान की भावना को जगाया। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार भी महात्मा फुले के बताए रास्ते पर चलते हुए हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। महिलाओं, युवाओं और गरीबों को बेहतर शिक्षा और समान अवसर देना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सुशासन का असली मकसद समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यालय के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि दी। सभी ने समाज के प्रति उनके संदेशों को प्रेरणादायक बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Share this Article