रायपुर | छत्तीसगढ़ में दिवंगत शिक्षाकर्मियों के आश्रितों ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। दिवंगत शिक्षाकर्मी पंचायत अनुकंपा संघ के मुताबिक, मांग पूरी नहीं होने पर 14 अक्टूबर 2026 को रायपुर के अंबेडकर चौक पर परिवारों के साथ प्रदर्शन और चक्काजाम किया जाएगा। संघ ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो महिलाएं मुंडन कराकर विरोध दर्ज कराएंगी।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी सोनवानी ने कहा कि आश्रित परिवार पिछले 10 वर्षों से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें केवल आश्वासन मिले हैं। उनके मुताबिक, जब भी नियुक्ति का मामला उठाया जाता है, तो अधिकारी नियमों का हवाला देते हैं।
परिवारों के सामने आर्थिक संकट
संघ का कहना है कि परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु के बाद कई आश्रितों के सामने भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्चों का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे परिवारों के लिए अनुकंपा नियुक्ति आर्थिक सहारा बन सकती है।
योग्यता के अनुसार नियुक्ति की मांग
संघ ने शेष पात्र आश्रितों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्ति देने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस मुद्दे पर पहले भी आंदोलन किए गए और शासन को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है।
संघ ने सरकार से मामले पर मानवीय आधार पर विचार कर पात्र आश्रितों को जल्द नियुक्ति देने की अपील की है। 14 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के जरिए परिवार अपनी मांग फिर से शासन तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं।
