रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- आने वाले महीनों में धमतरी तक भी पहुंचेगी रेल सेवा
रायपुर: छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत की गई है। रावघाट से रायपुर और रायपुर से कुरूद के बीच ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। वहीं, आने वाले महीनों में रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा शुरू करने की दिशा में भी काम आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से मांग रही है। रेलवे के विस्तार से इन क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है।
पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ा रावघाट
रेल मंत्री ने रावघाट के रेल नेटवर्क से जुड़ने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नई रेल सुविधा से स्थानीय लोगों को यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
CM साय ने जताया केंद्र सरकार का आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई रेल सेवाओं की शुरुआत को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विस्तार पर काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रदेश में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
रेलवे बजट में बढ़ोतरी का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए रेलवे बजट करीब 300 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 7,500 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में कई रेल परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सीएम साय ने राजनांदगांव, अंबिकापुर, बरवाडीह और रावघाट से जगदलपुर तक रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी।
